---Advertisement---

“सुनिश्चित रिटर्न” के नाम पर 14 निवेशकों से ₹2.39 करोड़ ऐंठे; पालघर पुलिस ने RICH 2 MONEY कंपनी के संचालक को गिरफ्तार किया |

---Advertisement---

पालघर | 7 जनवरी 2026 | तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक

पालघर ज़िले में शेयर बाज़ार में निवेश का आकर्षक वादा करके आम नागरिकों से करोड़ों रुपये हड़पने के मामले में पालघर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए RICH 2 MONEY PRIVATE LIMITED के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कदम निवेशकों के वित्तीय हितों की रक्षा तथा आर्थिक धोखाधड़ी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दीपक बाबू वरक (42 वर्ष) सहित कुल 14 निवेशकों ने पालघर ज़िला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से 2025 के बीच, बोईसर स्थित RICH 2 MONEY PRIVATE LIMITED ने “सुरक्षित शेयर निवेश” और “उच्च लाभ” का आश्वासन देकर उनसे भारी धनराशि जमा की।

जांच में पता चला कि कंपनी ने “गारंटीड़ प्रॉफिट”, “अत्यधिक रिटर्न” और “प्रोफेशनल स्टॉक ट्रेडिंग” जैसे भ्रामक दावों का इस्तेमाल करके निवेशकों को आकर्षित किया। इन आकर्षणों पर विश्वास करते हुए पीड़ितों ने कुल ₹2,39,46,698 (दो करोड़ उनतालीस लाख छियालीस हज़ार छह सौ अट्ठानवे रुपये) की रकम जमा की। हालांकि, निर्धारित समय समाप्त हो जाने के बावजूद न तो उन्हें कोई लाभ मिला और न ही उनकी मूल राशि वापस की गई।

प्रारंभिक जांच से स्पष्ट हुआ कि कंपनी के संचालक ने जानबूझकर नागरिकों को गुमराह कर उनका विश्वास तोड़ा और संगठित ढंग से आर्थिक ठगी को अंजाम दिया। इस संबंध में बोईसर पुलिस थाना में गुन्हा रजिस्टर क्रमांक 105/2026 दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) एवं 316(2) तथा महाराष्ट्र जमाकर्ता हित संरक्षण अधिनियम, 1999 की धारा 3 व 4 के तहत 5 जनवरी 2026 को पंजीकृत किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के संचालक रोशन चंदनलाल जैन (36 वर्ष), निवासी बोईसर, ज़िला पालघर को 5 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की जांच के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की गई।

यह जांच पुलिस अधीक्षक श्री यतिश देशमुखअपर पुलिस अधीक्षक श्री विनायक नरळे के निर्देशन में आर्थिक अपराध शाखा, पालघर द्वारा की जा रही है। वर्तमान में, महिला सहायक पुलिस निरीक्षक सुनीता अठणे की अगुवाई में आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, कंपनी के दस्तावेज़ों और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए विस्तृत जांच चल रही है।

पालघर ज़िला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले कंपनी का सही पंजीकरण, वैधानिक स्थिति तथा SEBI या अन्य नियामक संस्थाओं से मान्यता अवश्य जांच लें। साथ ही, अत्यधिक या अवास्तविक लाभ के वायदों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता की मेहनत की कमाई से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ कानून के कठोर प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh