रिमझिम बारिश के बीच देर रात तक चला उत्सव; विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं की दहीहंडियों में रही कड़ी प्रतिस्पर्धा
संवाददाता : पराग यादव
बोईसर में उत्साह और उमंग के बीच दहीहंडी का आयोजन
पालघर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार, 5 सितंबर 2026 को औद्योगिक शहर बोईसर में दहीहंडी उत्सव उमंग, उल्लास और सांस्कृतिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। रिमझिम बारिश के बीच विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से आयोजित भव्य दहीहंडी समारोहों में गोविंदा टीमों ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान विजेता टीमों ने आकर्षक पुरस्कार अपने नाम किए।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोविंदा टीमों ने दिखाया दमखम
उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा और पुलिस के कड़े बंदोबस्त के बीच गोविंदा टीमों ने पहले मानव पिरामिड बनाकर सलामी दी। इसके बाद हवा में लहराती मटकियों को फोड़ने के लिए गोविंदा टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। देर शाम तक विभिन्न आयोजन स्थलों पर दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही।
बोईसर में भाजपा-बोईसर, शिवसेना (शिंदे गुट) के शिव सम्राट प्रतिष्ठान, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना तथा लगातार 23वें वर्ष दहीहंडी आयोजित करने वाली शिवशक्ति सामाजिक संगठन की ओर से भव्य आयोजन किए गए।
शिवाजी नगर में भी दहीहंडी उत्सव की धूम
वहीं, बोईसर शहर स्थित शिवाजी नगर इलाके में भी दहीहंडी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शिवाजी नगर नई बस्ती, शिव मंदिर रोड पर युवा शक्ति मित्र मंडल की ओर से आयोजित दहीहंडी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर युवा शक्ति मित्र मंडल के अध्यक्ष पराग यादव तथा सालवड़ ग्राम पंचायत के माजी उपसरपंच ओमप्रकाश दुबे जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवा शक्ति मित्र मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, राजनीतिक पदाधिकारी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। पुरस्कार वितरण के दौरान भाजपा जिला महासचिव अशोक सदु वडे, अहमद खान, तुषार साबू, मुकलेश गिरी, जिला युवती आघाड़ी की सालोनी रू. संखे और रूपाली आ. संखे, शिवसेना (शिंदे गुट) की उप जिला प्रमुख निलम संखे, मुकेश पाटिल और शहर प्रमुख अतुल देसाई, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के मनोज संखे (बॉब) तथा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के उप जिलाध्यक्ष विशाल जाधव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विजेता गोविंदा टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार
शिवशक्ति सामाजिक संगठन की ओर से प्रमुख संजय जे. पाटील, डिमेलो सर, मिलिंद वड़े, गजानन देशमुख, प्रो. संजय घरत, महेंद्र भोणे और श्याम संखे ने अतिथियों के साथ विजेता गोविंदा टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए और उन्हें बधाई दी।
बारिश के बावजूद गोविंदा टीमों और दर्शकों का उत्साह पूरे आयोजन के दौरान बना रहा। दहीहंडी उत्सव ने बोईसर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का वातावरण भी कायम किया।



