नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह
पालघर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) ने बोईसर निवासी वरिष्ठ पत्रकार निनाद घरत को पालघर जिला महासचिव एवं मीडिया प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
आनंद ठाकुर ने सौंपा नियुक्ति पत्र
पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद ठाकुर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सुनेत्रा अजित पवार के आदेश तथा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे की संस्तुति के आधार पर निनाद घरत की नियुक्ति की। जिला पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
संगठन और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी
पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले निनाद घरत जिले में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और मीडिया के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त जिला महासचिव एवं मीडिया प्रमुख निनाद घरत ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
निनाद घरत की नियुक्ति के बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और पालघर जिले में पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।
रिपोर्टर: पराग यादव



