मुंबई में सेब (Apple) मोबाइल चोरी और अवैध बिक्री गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; ₹44.78 लाख का माल बरामद |

Share:

मुंबई। महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों सहित देश के अन्य राज्यों से महंगे एप्पल (Apple) आईफोन चोरी कर, उनकी एप्पल आईडी (Apple ID) हटाकर विदेशों व दूसरे राज्यों में बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 64 महंगे एप्पल मोबाइल फोन तथा 20 आईफोन के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत लगभग 44 लाख 78 हजार 400 रुपये है।

सिम कार्ड के जरिए तकनीकी जांच से मिली सफलता

पुलिस के अनुसार, मई 2026 में माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन में एक एप्पल मोबाइल चोरी का मामला दर्ज हुआ था। मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने चोरी हुए मोबाइल में इस्तेमाल किए गए एक सिम कार्ड के आधार पर तकनीकी सर्विलांस शुरू किया। गहन जांच के बाद पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी को ट्रेस कर उसे दबोचा, जिसके कब्जे से 21 चोरी के एप्पल मोबाइल और 12 सिम कार्ड बरामद हुए।

एप्पल आईडी हटाकर विदेशों में करते थे सप्लाई, पार्ट्स भी बेचते थे

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह एक संगठित गिरोह है जो महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से चोरी के एप्पल आईफोन खरीदता था। गिरोह के सदस्य इन मोबाइलों की एप्पल आईडी (Apple ID) को अवैध रूप से हटाकर (Bypass/Remove) उन्हें अन्य राज्यों और विदेशों में ऊंचे दामों पर बेच देते थे। जिन मोबाइलों की एप्पल आईडी हटाना संभव नहीं होता था, आरोपी उनके मिडल बॉडी, डिस्प्ले, बैटरी, मदरबोर्ड और लॉजिक बोर्ड जैसे कीमती पार्ट्स अलग-अलग करके बाजार में कम कीमत पर बेच देते थे।

विभिन्न राज्यों के 38 चोरी के मामलों का खुलासा

पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। बरामद किए गए 64 मोबाइलों की जांच के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के कुल 38 चोरी के मामलों का सफल खुलासा हुआ है, जिनमें तेलंगाना के 11, मुंबई/महाराष्ट्र के 19, दिल्ली के 3, कर्नाटक के 2, तथा राजस्थान, तमिलनाडु व उत्तराखंड का 1-1 मामला शामिल है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह सफल कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवडे, पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया और सहायक पुलिस आयुक्त निलेश बागुल के मार्गदर्शन में माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल मुळे तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) फरीद खान के नेतृत्व वाली विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई।

Share: