वसई में अडाणी स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, महावितरण कार्यालय का किया घेराव; उग्र आंदोलन की चेतावनी |

Share:

वसई। पालघर जिले के वसई क्षेत्र में अडाणी स्मार्ट मीटर लगाए जाने के फैसले के खिलाफ जनआक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को सर्वदलीय नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल ‘धड़क मोर्चा’ निकाला गया। आंदोलनकारियों ने वसई पूर्व के नवघर स्थित ‘महावितरण’ के मुख्य कार्यालय का घेराव कर स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल रद्द करने की जोरदार मांग की।

पेट्रोल पंप से शुरू हुआ मोर्चा, जमकर हुई नारेबाजी

सोमवार शाम करीब 4:00 बजे पेट्रोल पंप परिसर से इस भव्य मोर्चे की शुरुआत हुई। हाथों में मांगों से जुड़े बैनर, तख्तियां और पोस्टर लिए बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ और महावितरण प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। पूर्व निर्धारित ‘हाईवे रोको’ कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करते हुए प्रदर्शनकारियों ने सीधे महावितरण के मुख्य कार्यालय का रुख किया।

महावितरण कार्यालय के मुख्य गेट पर तनाव, पुलिस बंदोबस्त सख्त

मोर्चा जब नवघर स्थित महावितरण कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आंदोलनकारियों ने दावा किया कि उन्होंने प्रवेश द्वार का गेट तोड़कर परिसर के अंदर प्रवेश किया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से परिसर और आसपास के इलाकों में कड़ा और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

मांग पूरी न होने पर ‘हाईवे रोको’ आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने महावितरण के अधिकारियों से मांग की कि वे स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता की आपत्तियों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करें और इस निर्णय को तुरंत वापस लें। सर्वदलीय नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और महावितरण प्रशासन ने स्मार्ट मीटर का फैसला रद्द नहीं किया, तो आने वाले दिनों में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर व्यापक स्तर पर ‘हाईवे रोको’ आंदोलन किया जाएगा।

Share: