गणेशोत्सव के दौरान भक्तों की होगी स्वास्थ्य जांच, 36 जिलों में अभियान का विस्तार
मुंबई। गणेशोत्सव के दौरान भक्तों और नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र में करीब 20 हजार मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सहायता निधि और धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष की पहल पर शुरू किए गए ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान का यह दूसरा वर्ष है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना से शुरू किए गए इस अभियान का इस वर्ष महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों तक विस्तार किया गया है। करीब 10 हजार सार्वजनिक गणेश मंडलों के साथ सरकारी एवं अर्ध-सरकारी संस्थाएं, सामाजिक संगठन और दानदाता इस अभियान में सहयोग करेंगे।
कई गंभीर बीमारियों की होगी प्राथमिक जांच
इन मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों में हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर, मधुमेह, संक्रामक रोग, मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों और बाल रोग समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की प्राथमिक जांच की जाएगी।
जांच के दौरान किसी नागरिक में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर उसे आगे की जांच और उपचार के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों तथा संबंधित अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से उपचार दिलाने का प्रयास
पात्र मरीजों को महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से उपचार का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस वर्ष 20 लाख से अधिक नागरिकों की जांच का लक्ष्य
अभियान के पिछले वर्ष के आंकड़ों के अनुसार, 12,655 स्वास्थ्य शिविरों में 7 लाख 4 हजार 73 नागरिकों की जांच की गई थी। इनमें से करीब 18,800 मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया था।
इस वर्ष अभियान का दायरा बढ़ाते हुए 20 लाख से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष प्रमुख रामेश्वर नाईक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास आयोजित होने वाले इन मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



