पालघर, 20 अगस्त : महाराष्ट्र के वनमंत्री एवं पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने विक्रमगढ़ तालुका के साखरे गांव स्थित क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले छात्रावास का दौरा कर वहाँ उपलब्ध शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पालकमंत्री नाईक ने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद साधा और उन्हें मिलने वाले निवास, भोजन, शिक्षा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं की प्रगति और सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएँ तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रावास में आवश्यक सुधारों के लिए त्वरित कार्यवाही होनी चाहिए। इस निरीक्षण दौरे के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जव्हार प्रकल्प अधिकारी अपूर्वा बासुर समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गणेश नाईक ने अधिकारियों को छात्राओं के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण तैयार करने के स्पष्ट आदेश दिए। साथ ही उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त करें और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाएं।
उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि – “शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी साधन है। क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले ने जो मार्ग दिखाया, उसी पर चलते हुए प्रत्येक छात्रा को अपनी प्रगति सुनिश्चित करनी चाहिए।”