मनोर (प्रतिनिधि):
क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार, 16 अक्टूबर को बिरसायत भवन, मनोर में एक भव्य योजना बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आदिवासी एकता मित्र मंडल के महिला व पुरुष कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे जनजाती समाज में उत्साह और एकता का वातावरण देखने को मिला।
इस वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती “राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस” के रूप में मनाई जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोजन जिलेभर में एक सप्ताह तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक, सामाजिक व प्रेरक कार्यक्रम शामिल होंगे।
कार्यक्रमों का उद्देश्य बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना रहेगा।
यह योजना बैठक जनजाती एकता, जनभागीदारी और बिरसा मुंडा के आदर्शों के प्रति नवचेतना का प्रतीक बनी।