---Advertisement---

वसई-विरार मनपा चुनाव: भाजपा-शिवसेना गठबंधन की ओर, सीट बंटवारे का फैसला जल्द

---Advertisement---

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन; ‘लाड़ली बहनों’ को मेट्रो और कर छूट का वादा

दिनांक: 20 दिसंबर, 2025
स्थान: विरार, महाराष्ट् तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहि

वसई-विरार महानगरपालिका (मनपा) के आगामी निकाय चुनावों को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को विरार में शिवसेना कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगी, हालांकि सीट बंटवारे का अंतिम निर्णय अभी लंबित है।

विरार पूर्व स्थित होटल विवांता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को सराहा और कहा कि जिस तरह लोकसभा व विधानसभा चुनावों में उन्होंने भगवा झंडा लहराया, उसी तरह मनपा चुनाव में भी शिवसेना की जीत सुनिश्चित है।

उन्होंने ‘लाड़ली बहन योजना’ का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार समय आने पर महिलाओं को मिलने वाली राशि 2,100 रुपये प्रति माह कर देगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कई लोगों ने इस योजना का विरोध किया, लेकिन किसी के पास इसे रोकने की हिम्मत नहीं है।

शिंदे ने आश्वासन दिया कि मनपा चुनाव के बाद वसई-विरार क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसके तहत महिलाओं को मेट्रो की सुविधा दी जाएगी तथा 500 वर्ग फुट तक के घरों पर लगने वाला कर समाप्त कर दिया जाएगा।

अपने संबोधन में शिंदे ने कहा कि अन्य राजनीतिक दल सत्ता के लिए चुनाव लड़ते हैं, जबकि शिवसेना समाज सेवा के उद्देश्य से चुनाव में उतरती है। उन्होंने संदर्भ दिया कि बाल ठाकरे का सपना था – 80 प्रतिशत समाज सेवा और 20 प्रतिशत राजनीति – और आज शिवसेना उसी मार्ग पर अग्रसर है।

सीट बंटवारे के सवाल पर तालुका प्रमुख सुदेश चौधरी ने स्पष्ट किया कि अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन शिंदे जी ने इसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है और अगले एक-दो दिनों में फैसला हो जाएगा।

इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों समर्थकों के साथ शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने उन्हें भगवा ध्वज प्रदान कर स्वागत किया।

शिंदे का स्वागत विरार पूर्व स्थित मां जीवदानी मंदिर के निकट बने हैलीपैड पर भाजपा विधायक स्नेहा दुबे पंडित, नालासोपारा के राजन नाइक, पालघर के राजेंद्र गावित तथा शिवसेना नेताओं विलास तरे, सुदेश चौधरी, बसंत चव्हाण और पंकज देशमुख आदि ने भव्य रूप से किया।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh