---Advertisement---

मैराथन दौड़ के तुरंत बाद 15 वर्षीय छात्रा की अचानक मृत्यु, तलासरी-उंबरगांव में मातम |

---Advertisement---

तलासरी (महाराष्ट्र–गुजरात सीमा) | विशेष प्रतिनिधि, तृप्ति प्रमाण

महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर स्थित तलासरी तालुका के वेवजी गांव में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। लोकभारती संस्था के तहत संचालित भारती अकादमी इंग्लिश स्कूल में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव के दौरान मैराथन दौड़ में भाग लेने वाली 15 वर्षीय छात्रा की दौड़ समाप्त होने के कुछ ही मिनटों बाद मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा ने मैराथन दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। दौड़ खत्म होने के बाद उसे तेज सांस फूलने लगी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। वह मैदान में ही बैठ गई और कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ी।

स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निकटतम अस्पताल, गुजरात के उंबरगांव ले जाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उपचार शुरू करने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है।

मृत छात्रा की पहचान उंबरगांव निवासी रोशनी गोस्वामी के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा थी। स्कूल प्राचार्य राकेश शर्मा ने बताया कि छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर महिला शिक्षिकाओं ने प्राथमिक उपचार का प्रयास किया गया था। उसे डॉ. लोखंडे के क्लिनिक और बाद में उंबरगांव रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि की।

छात्रा की मां सुनीताबेन गोस्वामी ने कहा कि उनकी बेटी सुबह स्वस्थ थी, घर के काम किए थे और स्कूल जाने से पहले आशीर्वाद भी मांगा था। दोपहर में ही उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही घोलवड़ पुलिस थाने ने आकस्मिक मृत्यु के तौर पर मामले की नोंद की है और आवश्यक जांच जारी है। घटना के समय पुलिस बल मौके पर मौजूद था।

इस दुर्घटना ने स्कूलों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान छात्र सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों और अभिभावकों का कहना है कि कई स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं से पहले छात्रों की शारीरिक क्षमता का आकलन नहीं किया जाता, न ही आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए स्कूलों को खेल प्रतियोगिताओं के दौरान छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh