मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के महानगर मुरादाबाद के अंबेडकर पार्क, सिविल लाइन स्थित में 29 जनवरी 2026 को सुबह 10:30 बजे संपूर्ण सवर्ण समाज द्वारा एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में हजारों समाजजनों की उपस्थिति में माननीय जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन सौंपा गया।
सभा में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने यूजीसी 2026 के रेगुलेशन 3(c) के विरोध में आवाज उठाई, जिसमें केवल अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को संरक्षण प्रदान करते हुए सवर्ण छात्रों के विरुद्ध बिना प्रमाण के दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई किए जाने की आलोचना की गई।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं:
- यूजीसी 2026 के रेगुलेशन 3(c) में संशोधन कर सभी छात्रों के लिए समान आधार सुनिश्चित किया जाए।
- झूठी या बिना प्रमाण वाली शिकायतों के आधार पर सवर्ण छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने कहा कि ये प्रावधान भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 में वर्णित समानता के सिद्धांत का उल्लंघन करते हैं। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट में इन प्रावधानों की वैधता को लेकर कई याचिकाएं विचाराधीन हैं। नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली तो मुरादाबाद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस आयोजन में बंटी राणा, बंटी भाई, पूनम चौहान, अरुण, अर्जुन शर्मा, रजत शर्मा, सुभाष दीक्षित, संजय स्वामी, अभिनेश शर्मा, रोहतास शर्मा, दुष्यंत कौशल, अमित शर्मा, राजू, धवल दीक्षित, कुशल द्विवेदी, रामनिवास शर्मा, अचल दीक्षित, अनूप कौशिक, अनूप मिश्रा, कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, नवम शर्मा, दीपक शर्मा, अमन शर्मा तथा तृप्ति प्रमाण चैनल के ब्यूरो चीफ पंडित शरद शर्मा एवं सहयोगी रिपोर्टर अंकित पाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा कि पूर्व सांसद श्री एस.टी. हसन ने भी इस कार्यक्रम में भाग लेकर सवर्ण समाज के मुद्दों का समर्थन किया।
सूत्र: तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल, मुरादाबाद
रिपोर्टिंग: शरद शर्मा, ब्यूरो चीफ; अंकित पाल, रिपोर्टर