पालघर: पालघर जिले के डहाणू क्षेत्र में गुरुवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां चलती लोकल ट्रेन से गिरने के बाद एक युवक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली। यह घटना पश्चिम रेलवे के उपनगरीय रेल मार्ग पर डहाणू और विरार रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित वैतरणा खाड़ी क्षेत्र की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोईसर निवासी उदयन वांगड काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे और देर रात लोकल ट्रेन से वापस अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान वे ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान जब ट्रेन वैतरणा खाड़ी से गुजर रही थी, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चलती ट्रेन से खाड़ी में जा गिरे। युवक के गिरते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए कुछ यात्रियों ने तुरंत आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद ट्रेन चालक द्वारा रेलवे पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि युवक खाड़ी में चल रहे निर्माण कार्य के एक स्तंभ को पकड़कर खुद को संभाले हुए था। युवक की जान बचाने के लिए पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान आसपास मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए नाव के जरिए घटनास्थल तक पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। खाड़ी में गिरने के कारण युवक को चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चलती ट्रेन से गिरने जैसी गंभीर दुर्घटना के बावजूद युवक के सुरक्षित बच जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, पुलिस प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग देने वाले स्थानीय मछुआरों की सराहना की है।
संवाददाता: साहिल यादव |
चलती लोकल से वैतरणा खाड़ी में गिरा युवक, निर्माणाधीन स्तंभ पकड़कर बचाई जान; मछुआरों की मदद से निकाला गया सुरक्षित |
Published On: February 13, 2026 9:15 pm
---Advertisement---