पालघर/वसई: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश के अलग-अलग हिस्सों में चर्चाओं का विषय बना हुआ है। इसी बीच वसई के नायगांव क्षेत्र से ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नायगांव स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने घरेलू गैस सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आए। तेज धूप में घंटों इंतजार कर रहे लोगों की यह भीड़ इलाके में बनी स्थिति की ओर इशारा कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गैस बुकिंग के समय OTP तुरंत मिल जाता था, लेकिन अब बुकिंग करने के बाद 3 से 4 दिन बीत जाने पर भी OTP नहीं आ रहा है। इसके अलावा कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि उन्हें सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज तो मिल गया, लेकिन वास्तव में उनके घर तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। इस तरह की समस्याओं के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जमीनी स्तर पर सामने आ रही तस्वीरें और उपभोक्ताओं के अनुभव कई सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से इस पूरी व्यवस्था की जांच कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है।