वसई-विरार | प्रतिनिधि
वसई-विरार के नायगांव पूर्व इलाके में पुराने विवाद को लेकर 28 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और चिकित्सकों ने उसे 16 टांके लगाए हैं।
पुराने विवाद को लेकर तीन आरोपियों ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना नायगांव पूर्व क्षेत्र की है। पुराने विवाद को लेकर तीन आरोपियों ने युवक को घेरकर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक पर हमला कर रहे हैं। पुलिस इस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि हमले के सही कारणों और आरोपियों की पहचान पक्की की जा सके।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
सूचना मिलते ही नायगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। नायगांव पुलिस थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच जारी है।