---Advertisement---

बोईसर सड़क हादसा: खैरापाडा चौक पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला डॉक्टर की मौत, पुलिस जांच में जुटी |

---Advertisement---

घटनास्थल पर ही हुई मौत

पालघर जिले के औद्योगिक नगर बोईसर में शुक्रवार की तड़के एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। सुबह 4:00 से 4:30 बजे के बीच खैरापाडा इलाके में मेकॉर्ड्स कंपनी के पास, विरसा मुंडा चौक के समीप यह घटना घटी। एक महिला अपनी स्कूटी से जा रही थीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मेहनती डॉक्टर के निधन पर शोक

मृतक महिला की पहचान डॉक्टर विष्णू प्रभा के रूप में हुई है, जो बोईसर के कृष्णानगर क्षेत्र की निवासी थीं। वे ओसवाल इलाके में स्थित इस्माइल डेंटल क्लिनिक में डॉक्टर प्रमोद जैन के साथ कार्यरत थीं। उनके सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें एक समर्पित और मेहनती पेशेवर बताया है। उनके इस आकस्मिक निधन से चिकित्सा क्षेत्र और इलाके में शोक की लहर है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किस वाहन ने मारी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की वजह का पता लगाया जा सके और अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल जांच जारी है।

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि विरसा मुंडा चौक और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। प्रशासन से मांग की गई है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गति नियंत्रण, सिग्नल व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने जैसे ठोस कदम उठाए जाएं।

(संवाददाता: चुन्नू श्रीवास्तव, तृप्ति प्रमाण राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक/न्यूज़ पोर्टल)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh