---Advertisement---

वसई में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश, पुलिस ने महिला एजेंट को दबोचा |

---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक, वसई। मीरा-भाईंदर और वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की विशेष टीम ने नायगांव क्षेत्र में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है और दो युवतियों को रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला है।

गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाई गई

पुलिस के अनुसार, अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर ससुनवघर इलाके में एक महिला एजेंट स्पा सेंटर की आड़ में अवैध धंधा चला रही है। वह स्पा में काम करने वाली युवतियों को ग्राहकों तक पहुंचाती थी। इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे के नेतृत्व में टीम ने बोगस ग्राहक भेजकर जाल बिछाई और छापा मारकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई और ठाणे से थी युवतियों की सप्लाई

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी महिला का नेटवर्क काफी बड़ा है। वह मुंबई, ठाणे और आसपास के शहरों के विभिन्न स्पा सेंटरों से युवतियों को मंगाकर ग्राहकों को सप्लाई करती थी। पुलिस अब इस पूरे रैकेट के अन्य सहयोगियों और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। जांच जारी है।

कड़ी कार्रवाई और रेस्क्यू ऑपरेशन

इस कार्रवाई में दो पीड़ित युवतियों को रेस्क्यू किया गया है, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए महिला सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(3) और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा) की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। यह पूरा ऑपरेशन क्राइम ब्रांच के डीसीपी संदीप डोईफोडे और एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे, पीएसआई संदीप शिंदे और उनकी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

👁️ 1 Views

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh