पटना में बिहार राज्य आईटीआई कर्मचारी संघ के दो दिवसीय 34वें राज्य सम्मेलन का शुभारंभ हो गया है। महिला आईटीआई दीघा के सभाकक्ष में आयोजित इस सम्मेलन में राज्य भर से आए कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
ध्वजारोहण और प्रमुख मांगों पर प्रदर्शन
सम्मेलन की शुरुआत संघ के अध्यक्ष शशिभूषण आर्य द्वारा ध्वजारोहण और शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाल करने, अनुदेशकों का पदनाम बदलने और अनुबंधित अनुदेशकों की सेवा को स्थायी करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में अतिथियों का पगड़ी और अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मान किया गया।
कौशल विकास मंत्री ने दिया आश्वासन
बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने खुले सत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए सकारात्मक फैसला लेने का आश्वासन दिया।
एक पदनाम, एक वेतनमान की मांग
ऑल इंडिया यूनाइटेड फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट आईटीआई एम्प्लॉइज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर विनय कुमार ने कहा कि देशभर में आईटीआई अनुदेशकों के लिए एक समान पदनाम, वेतनमान और प्रमोशन नीति होनी चाहिए। महासंघ के नेताओं ने मंत्री से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
प्रतिनिधि सत्र शुरू, 7 जून तक चलेगा सम्मेलन
मुख्य सत्र के बाद महासंघ के राज्याध्यक्ष निरंजन कुमार सिन्हा ने प्रतिनिधि सत्र की शुरुआत की। इसमें आईटीआई कर्मचारियों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह राज्य सम्मेलन 7 जून तक जारी रहेगा।