तृप्ति प्रमाण न्यूज़, पालघर
पालघर जिला पुलिस और यातायात शाखा की ओर से वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक विशेष मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में 6 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर कासा टोल नाके पर यह शिविर लगाया गया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की नेत्र जांच
इस शिविर में इंडिगो आई केयर सेंटर, पालघर की मेडिकल टीम ने हिस्सा लिया। डॉक्टर भक्ति गाढे, डॉक्टर सुस्मीता पाटिल और डॉक्टर कल्पेश भोईर ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की आंखों की बारीकी से जांच की।
557 लोगों की जांच, मुफ्त बांटे गए चश्मे और रिफ्लेक्टर
इस शिविर में कुल 557 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान जिन लोगों को चश्मे की जरूरत पाई गई, उन्हें सही नंबर का चश्मा मुफ्त में दिया गया। इसके अलावा, जिन वाहनों में रिफ्लेक्टर नहीं थे, उन्हें भी मुफ्त में रिफ्लेक्टर लगाए गए। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की खूब सराहना की।
यातायात नियमों के पालन की अपील
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। जिला यातायात शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल व्हटकर और उनकी टीम ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी व्यवस्था संभाली।