पालघर। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण। पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा की लगातार की जा रही मांग को बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बढ़ते यातायात और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अच्छाड-दहिसर मार्ग पर छह पैदल यात्री ओवरब्रिज (FOB) बनाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के लिए ई-निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
लगातार उठाई जा रही थी मांग
जानकारी के अनुसार, सांसद डॉ. हेमंत सवरा लंबे समय से केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और NHAI अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को उठा रहे थे। उनके द्वारा किए गए लगातार पत्राचार और बैठकों के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना को अंतिम मंजूरी मिली है।
किन इलाकों में बनेंगे पुल
NHAI के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय ने महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के अच्छाड से दहिसर खंड के बीच ईपीसी पद्धति से छह फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए निविदाएं मंगाई हैं। प्रस्तावित पुल तलासरी, निलगिरी होटल, आंबोली, खानिवडे, बापाने फाटा और ससुनवघर क्षेत्रों में बनाए जाएंगे।
सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी
मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण स्थानीय लोग, छात्र, महिलाएं और बुजुर्ग सड़क पार करते समय असुरक्षा महसूस करते थे। कई जगहों पर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इन ओवरब्रिजों के बनने से राहगीरों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी और हादसों पर अंकुश लगेगा।
पीएम और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार
निविदा प्रक्रिया शुरू होने से अब निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। इस विकास को लेकर सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा और जरूरी कदम है।