मीरा-भायंदर | तृप्ति प्रमाण
मीरा-भायंदर में काशीमीरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई 8 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल फोन, एक टैब, 14 सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ है और बरामद माल की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
कैसे किया गया खुलासा
पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में हिरानंदानी एस्टेट क्षेत्र से रॉयल एनफील्ड हंटर और सुजुकी बर्गमैन जैसी महंगी बाइकों की चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान करीब 120 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
ऐसा था चोरी का तरीका
जांच में सामने आया कि आरोपी पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों का हैंडल लॉक तोड़ते थे। इसके बाद वाहन को थोड़ी दूरी तक ले जाकर विशेष उपकरणों की मदद से स्टार्ट कर लेते थे। चोरी की गई बाइकों को कुछ दिनों तक अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट बनाकर इन्हें ऑनलाइन बेच दिया जाता था।
हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में मिलिंद मनोहर सावंत, भूषण दिगंबर पुरी उर्फ राम गोरखामी और सोहेल अब्दुल शेख शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मिलिंद सावंत एक हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मुंबई और ठाणे में 70 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
आगे की जांच जारी
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम और सहायक पुलिस आयुक्त मंदार जावले के मार्गदर्शन में काशीमीरा पुलिस स्टेशन की टीम ने की। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि चोरी के और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।