तृप्ति प्रमाण न्यूज़ डेस्क, पालघर: पालघर जिला प्रशासन ने राशन कार्ड धारकों के लिए एक जरूरी सूचना जारी की है। जून महीने के राशन वितरण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो पाई है, जिसके बाद राज्य सरकार ने राशन लेने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दी है।
क्यों बढ़ानी पड़ी अंतिम तिथि?
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाले राशन को लेने की आखिरी तारीख पहले 15 जून तय की गई थी। लेकिन, जिले में बड़ी संख्या में ऐसे लाभार्थी हैं जिन्होंने अभी तक अपना हिस्से का राशन नहीं उठाया है। लोगों की सुविधा और सरकारी योजना का पूरा लाभ दिलाने के उद्देश्य से सरकार ने एक और मौका देते हुए राशन वितरण की प्रक्रिया को 30 जून तक जारी रखने का फैसला लिया है।
जिला प्रशासन की अपील
जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा महल्ले ने सभी पात्र राशन कार्ड धारकों से अनुरोध किया है कि वे 30 जून की समय सीमा समाप्त होने से पहले अपने नजदीकी उचित मूल्य की दुकान यानी राशन दुकान से जाकर अपना राशन जरूर ले लें। प्रशासन का मानना है कि इस अतिरिक्त समय का फायदा उठाकर सभी लाभार्थी सरकारी योजना का पूरा लाभ उठा सकते हैं।