पालघर: तमिलनाडु स्थित प्रसिद्ध वेलंकन्नी चर्च की यात्रा करने वाले हजारों तीर्थयात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। पालघर के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा के विशेष प्रयासों के बाद पश्चिम रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दे दी है। रेलवे के इस फैसले से पालघर, ठाणे, मुंबई और उपनगरीय इलाकों में रहने वाले ईसाई कोली समाज के नागरिकों को सीधा फायदा पहुंचेगा, जो हर साल भारी संख्या में इस तीर्थयात्रा पर जाते हैं।
सांसद की मांग पर रेलवे ने दी मंजूरी
आपको बता दें कि हर साल 1 जून से 31 जुलाई के बीच समुद्र में मछली पकड़ने पर सरकारी प्रतिबंध रहता है। इस खाली समय के दौरान कोली समाज के लोग बड़ी संख्या में माता वेलंकन्नी के दर्शन के लिए निकलते हैं। अकेले 6 से 16 जुलाई के बीच करीब 20 हजार श्रद्धालु तमिलनाडु पहुंचते हैं। लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में टिकट न मिलने से होने वाली दिक्कतों को देखते हुए सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने 1 जुलाई 2026 को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर विशेष ट्रेन की मांग की थी, जिसे ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ (TOD) योजना के तहत स्वीकार कर लिया गया है।
वलसाड–वेलंकन्नी–डहाणू रोड स्पेशल ट्रेन की समय-सारिणी:
रेलवे द्वारा मंजूर की गई स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 09030/09029) का शेड्यूल इस प्रकार है:
- ट्रेन संख्या 09030 (वलसाड से वेलंकन्नी): यह स्पेशल ट्रेन 14 जुलाई 2026 को शाम 6:25 बजे वलसाड से प्रस्थान करेगी और 16 जुलाई को सुबह 10:00 बजे वेलंकन्नी पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 09029 (वेलंकन्नी से डहाणू रोड): वापसी में यह ट्रेन 17 जुलाई 2026 को रात 12:30 बजे वेलंकन्नी से छूटेगी और 18 जुलाई को दोपहर 2:50 बजे डहाणू रोड स्टेशन पहुंचेगी।
- इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस ट्रेन को महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई अहम स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है। यह गाड़ी डहाणू रोड, पालघर, वसई रोड, पनवेल, लोणावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, कलबुर्गी, वाडी, रेणिगुंटा, काटपाडी, विल्लुपुरम और मयिलादुथुराई जैसे स्टेशनों पर रुकेगी।
सस्ता और सुरक्षित होगा सफर
मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों से तमिलनाडु के वेलंकन्नी तक का सफर काफी लंबा और खर्चीला होता है, जिसके कारण अब तक बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को काफी असुविधा होती थी। इस सीधी स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से अब हजारों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का सफर सुरक्षित, आरामदायक और काफी किफायती हो जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन का डेटा ICMS और NTES सिस्टम पर अपडेट कर दिया गया है और जल्द ही स्टेशनों पर इसकी उद्घोषणा (Anouncement) शुरू कर दी जाएगी।