जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जौनपुर में एक पीड़ित परिवार के प्रति बड़ी संवेदनशीलता दिखाई है। सपा प्रमुख ने जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर निवासी दिवंगत प्रेमचन्द्र यादव के बेसहारा परिवार को संबल देने के लिए 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये) की आर्थिक सहायता भेजी है। यह चेक पीड़ित परिवार को सौंप दिया गया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की पहल पर सपा प्रमुख ने लिया संज्ञान
इस दर्दनाक मामले की पूरी जानकारी दीवानी बार एसोसिएशन (जौनपुर) के अध्यक्ष सुबाष चंद्र यादव ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को दी थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से गरीब परिवार की माली हालत का हवाला देते हुए आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिलेश यादव ने तुरंत निर्देश जारी किए। उनके निर्देश पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य के माध्यम से एक लाख रुपये का चेक मृतक की पत्नी निशा यादव के घर भिजवाया गया, जिसे दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबाष चंद्र यादव ने परिजनों को सौंपा।
क्या थी पूरी घटना?
गोसाईपुर निवासी प्रेमचन्द्र यादव गांव में ही एक सहज जनसेवा केंद्र चलाते थे। बीती 11 मार्च 2026 की रात जब वे अपना केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली और प्रेमचन्द्र को गोली मारकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में जफराबाद थाने में मुकदमा (अपराध संख्या 50/2026) दर्ज किया गया था। गंभीर रूप से घायल प्रेमचन्द्र का वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था, जहाँ जिंदगी और मौत से लड़ते हुए आखिरकार 13 मई 2026 को उनका निधन हो गया।
गहरे आर्थिक संकट में है परिवार
प्रेमचन्द्र यादव अपने पीछे एक बड़ा और बेसहारा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनके वृद्ध माता-पिता, पत्नी निशा यादव, चार बेटियां और एक छोटा बेटा शामिल है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत के बाद से परिवार बेहद तंगहाली और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे मुश्किल वक्त में अखिलेश यादव द्वारा भेजी गई यह मदद इस संकटग्रस्त परिवार के लिए एक बड़ा सहारा बनी है। इस मौके पर डॉ. अवधनाथ पाल, कृष्णा यादव (अधिवक्ता), ग्राम प्रधान हीरालाल यादव, अमन यादव और युवा नेता शिवाय यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।