जौनपुर:
ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार (तृप्ति प्रमाण)
जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के नाऊपुर स्थित ‘लाइफ केयर हॉस्पिटल मल्टी स्पेशलिटी एंड ट्रॉमा सेंटर’ में प्रसव (डिलीवरी) के दौरान एक प्रसूता की असमय मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का धैर्य टूट गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
डॉक्टरों और अस्पताल संचालक पर मौके से भागने का आरोप
मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि यदि डॉक्टर समय रहते सही और उचित उपचार देते, तो प्रसूता की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जैसे ही डॉक्टरों को महिला की नाजुक स्थिति और मौत का अहसास हुआ, वैसे ही अस्पताल के चिकित्सक और संचालक मौके से चुपके से फरार हो गए। अस्पताल स्टाफ के भागने से परिजनों का गुस्सा और भड़क गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, विधिक कार्रवाई शुरू
अस्पताल में बढ़ते हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और अस्पताल परिसर में स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, परिजनों से प्राप्त तहरीर (शिकायत) के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद, उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।