---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण पड़ताल: मुंबई हादसे के बाद सहमा वसई-विरार, टूटे और खुले नाले दे रहे हैं बड़े हादसों को न्योता |

---Advertisement---

वसई-विरार: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हाल ही में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहाँ एक खुले मैनहोल में गिरने की वजह से 55 वर्षीय शख्स ने अपनी जान गंवा दी। इस दर्दनाक घटना के बाद अब पड़ोसी क्षेत्र वसई-विरार में भी खुले नालों और टूटे हुए मैनहोल कवर को लेकर स्थानीय लोगों में भारी खौफ और आक्रोश का माहौल है। शहर के कई व्यस्त इलाकों में टूटे या पूरी तरह गायब हो चुके ढक्कन किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रहे हैं।

लाखों ढक्कन फिर भी जमीन पर बदहाली का मंज़र

वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) के दावों के मुताबिक, शहर के सभी 9 प्रभागों में सीवरेज नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करीब एक लाख से अधिक मैनहोल कवर लगाए गए हैं। हालांकि, ज़मीनी हकीकत इन दावों से कोसों दूर है। आज शहर के कई प्रमुख रास्तों और गलियों में लगे ये ढक्कन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। कई स्थानों पर तो सीमेंट पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे जंग खाए हुए नुकीले लोहे के सरिए बाहर निकल आए हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

इन इलाकों में मंडरा रहा है सबसे बड़ा खतरा

‘तृप्ति प्रमाण’ की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, शहर के निम्नलिखित हिस्से इस समय सबसे अधिक संवेदनशील बने हुए हैं:

  • नालासोपारा (पूर्व): गाला नगर, संतोष भवन, धानीवबाग और वाकणपाड़ा।
  • नालासोपारा (पश्चिम): श्रीप्रस्थ इलाका।
  • विरार: विराट नगर, ग्लोबल सिटी और पुराना विवा कॉलेज रोड।
  • वसई: सागरशेत, माणिकपुर, अंबाडी, तुंगारफाटा और सातीवली क्षेत्र।

इन तमाम इलाकों में रोजाना हजारों लोगों और स्कूली बच्चों का आना-जाना होता है, जिससे यहाँ हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है।

महानगरपालिका का दावा बनाम नागरिकों की मांग

इस गंभीर मुद्दे पर जब वसई-विरार महानगरपालिका के अधिकारियों से बात की गई, तो उनका कहना है कि पिछले सप्ताह हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण कई जगहों पर मैनहोल कवर क्षतिग्रस्त हुए हैं। निर्माण विभाग के माध्यम से इन डैमेज कवरों को बदलने और नए ढक्कन लगाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

दूसरी तरफ, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन हमेशा किसी बड़े हादसे का इंतज़ार करता है। लोगों की स्पष्ट मांग है कि किसी की जान जाने से पहले ही प्रशासन को शहर के हर एक खुले और खतरनाक मैनहोल को तत्काल प्रभाव से सील कर सुरक्षित करना चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh