जौनपुर ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार | तृप्ति प्रमाण
जौनपुर। जनपद के चर्चित आजाद बिंद (दूल्हा) हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक के परिजनों से मिलने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने जा रहे कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह को पुलिस ने उनके सुजानगंज स्थित निवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इस दौरान उनके आवास को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया गया, जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
शहर अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी भी नजरबंद
पुलिस की यह कार्रवाई केवल जिलाध्यक्ष तक ही सीमित नहीं रही। जौनपुर शहर स्थित आवास पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान को भी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके अलावा कांग्रेस के जिला सचिव इरशाद खान, रमेश बेबी और वरिष्ठ नेता फिरोज खान को भी नजरबंद किया गया है। नेताओं के घरों के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया गया है ताकि वे मृतक के घर न जा सकें।
लोकतंत्र और संविधान का चीरहरण कर रही सरकार: डॉ. प्रमोद
पुलिस की इस कार्रवाई पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है और हर तरफ अपराध का बोलबाला है। महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। हत्या और बलात्कार की बाढ़ आ गई है, जिससे आम जनता में खौफ का माहौल है।”
डॉ. सिंह ने आगे आरोप लगाया कि अपराधियों को पकड़ने में नाकाम सरकार अब विपक्ष की आवाज दबाने में जुटी है। किसी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देना भी इस सरकार में गुनाह बन गया है। कांग्रेसियों को नजरबंद कर भाजपा प्रशासन अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने की नाकाम कोशिश कर रहा है।
बुलडोजर नीति पर साधा निशाना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता इस शासन से ऊब चुकी है। सरकार की बुलडोजर नीति केवल चंदा चोरों और अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता इस दमनकारी शासन को सत्ता से बेदखल कर देगी।