जौनपुर (रिपोर्टर: दिलीप कुमार, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण):
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले स्थित प्रमुख जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब स्टेशन परिसर में बम रखे होने की खबर फैली। सुरक्षा तंत्र को जैसे ही इसकी भनक लगी, मीरगंज थाना पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और पूरे स्टेशन परिसर को घेरकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
ट्रॉली बैग की गहन तलाशी, जांच में निकला कोरा अफवाह
कंट्रोल रूम को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने प्लेटफॉर्म पर रखे एक लावारिस ट्रॉली बैग को कब्जे में लेकर मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से बारीकी से खंगाला। हालांकि, काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद बैग से कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। गहन जांच-पड़ताल के बाद जब यह साफ हो गया कि बम की खबर महज़ एक अफवाह थी, तब जाकर रेल यात्रियों और सुरक्षा अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
स्विच ऑफ आ रहा है कॉलर का नंबर, पुलिस की रडार पर आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात उपद्रवी ने फोन के जरिए रेलवे स्टेशन पर रखे ट्रॉली बैग में बम होने की फर्जी सूचना दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई तो की, लेकिन अब उस सिरफिरे कॉलर की धरपकड़ के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। जिस मोबाइल नंबर से यह फर्जी कॉल आई थी, वह वर्तमान में बंद (स्विच ऑफ) आ रहा है। पुलिस कॉलर की लोकेशन ट्रेस कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।
जीआरपी की अपील: भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचें
इस घटना के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों व रेल यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि इस प्रकार की झूठी और भ्रामक सूचनाएं न केवल यात्रियों में बेवजह दहशत का माहौल पैदा करती हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों का कीमती समय भी बर्बाद करती हैं। फर्जी कॉल करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।