जौनपुर (तृप्ति प्रमाण) | संवाददाता शम्भू विश्वकर्मा:
जौनपुर जिले के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अभिलाष मौर्य ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर असम प्रीमियर लीग में इतिहास रच दिया है। गुवाहाटी के एसीए (ACA) स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में अभिलाष मौर्य की टीम ‘बारपेटा ब्रेव्स’ ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अभिलाष के इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अब उनके आईपीएल (IPL) जैसी विश्व प्रसिद्ध लीग में चुने जाने की मजबूत संभावनाएं बन गई हैं।
10 मैचों में बनाए 300 रन और लिए 10 विकेट
असम प्रीमियर लीग में एन.एफ. रेलवे (कामाख्या, गुवाहाटी) का प्रतिनिधित्व करने वाले अभिलाष मौर्य को बारपेटा ब्रेव्स टीम में शामिल किया गया था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेले गए 10 मुकाबलों में अभिलाष ने ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हुए बल्ले से लगभग 300 रन बनाए और गेंद से 10 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस खिताबी जीत के साथ विजेता टीम बारपेटा ब्रेव्स को 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
जौनपुर और शिया कॉलेज परिवार में खुशी की लहर
अभिलाष मौर्य मूल रूप से जौनपुर जिले के सदनपुर मुरादगंज सदर के निवासी हैं। वे शिया कॉलेज के बॉटनी (वनस्पति विज्ञान) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एल.पी. मौर्य के सुपुत्र हैं। बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता पर पिता डॉ. एल.पी. मौर्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “बेटे ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद अब उसके आईपीएल में खेलने के सपने के साकार होने की पूरी उम्मीद है। हमें विश्वास है कि वह आगे चलकर देश का बड़ा क्रिकेटर बनेगा।”
(हमारे तृप्ति प्रमाण व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करना ना भूलें, आगे की खबरों से अपडेट होने के लिए धन्यवाद। – शम्भू विश्वकर्मा, संवाददाता, जौनपुर)