चुराई-दलपतपुर गौशाला में परखीं व्यवस्थाएं
बरेली जिले के मीरगंज तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निधि शुक्ला ने गोवंश संरक्षण एवं शासन की प्राथमिकताओं का जायजा लेने के लिए वृहद गौशाला चुराई-दलपतपुर का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 300 गोवंश सुरक्षित पाए गए। एसडीएम ने मौके पर मौजूद लेखपाल और ग्राम प्रधान से चारे, पानी और छाया की व्यवस्थाओं पर विस्तृत जानकारी ली और पर्याप्त संसाधन पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वच्छता पर जोर
गोवंशों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता दिखाते हुए एसडीएम ने पशु चिकित्सा टीम के नियमित दौरों का फीडबैक लिया। जांच में पाया गया कि उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (Dy. CVO) और पैरावेट टीम द्वारा नियमित रूप से गौशाला का दौरा कर गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में स्वच्छता को लेकर कोई ढिलाई न बरती जाए।
धरातल पर पारदर्शी कार्यशैली से बढ़ी लोकप्रियता
कार्यालय से दूर सीधे गांवों और गौशालाओं तक पहुंचकर औचक निरीक्षण करने की एसडीएम निधि शुक्ला की कार्यशैली की जनता में काफी सराहना हो रही है। जिलाधिकारी बरेली के गोवंश संरक्षण अभियान को तहसील में जिस तत्परता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, उससे तहसील प्रशासन में पारदर्शिता और कार्यों के प्रति नई ऊर्जा देखी जा रही है।
(संवाददाता: लादेन मंसूरी, तृप्ति प्रमाण)