एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
सुलतानपुर जिले की थाना चांदा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अल्लन ईंट भट्ठा, ग्राम मदारडीह के पास घेराबंदी कर नीरज सरोज (पुत्र प्रेमचन्द्र, निवासी फुटेला) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें (पल्सर, स्पेलेंडर, स्पेलेंडर प्लस और एचएफ-डीलक्स) बरामद की गई हैं।
मेलों और मंदिरों के बाहर करते थे रेकी
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे त्यौहारों और मेलों के समय मंदिरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को अपना निशाना बनाते थे। मौका पाकर बाइक का लॉक तोड़कर ले भागते थे और उन्हें अन्य जिलों व क्षेत्रों में बेचने का प्रयास करते थे। बरामद बाइकें सुलतानपुर के लम्भुआ, मोतिगरपुर, कोतवाली देहात तथा पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ से चोरी की गई थीं।
अपराधिक इतिहास और पुलिस टीम
आरोपी नीरज सरोज के खिलाफ पहले से भी चांदा, मोतिगरपुर और कोतवाली देहात थानों में आर्म्स एक्ट व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्रा तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सात सदस्यीय टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य नेटवर्क की जांच कर रही है।
(रिपोर्टर: गुंजन विश्वकर्मा, तृप्ति प्रमाण)