सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर डॉक्टरों ने दी बधाई
जौनपुर स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सिद्दीकपुर के एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्नशिप करने वाले छात्रों व डॉक्टरों की लंबे समय से लंबित मांग को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा कर दिया है। राज्य सरकार ने मेडिकल छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते को 12,000 रुपये से बढ़ाकर सीधे 25,000 रुपये प्रति माह कर दिया है। इस फैसले के बाद से पूरे प्रदेश के मेडिकल छात्रों में उत्साह का माहौल है।
12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया स्टाइपेंड
इससे पूर्व, मेडिकल इंटर्न्स ने प्राचार्य डॉ. आर. बी. कमल के माध्यम से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा था। छात्रों का तर्क था कि वर्तमान में दिया जा रहा 12 हजार रुपये का भत्ता अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। मामले पर विचार-विमर्श के बाद शासन ने भत्ते में बढ़ोतरी का निर्णय लिया। फैसला लागू होने पर डॉ. कुंवर नीलेंद्र सिंह, डॉ. शुभम सिंह, डॉ. ऋषित और डॉ. ओम ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
अपर मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
डॉ. कुंवर नीलेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्टाइपेंड बढ़ाने का अनुरोध किया गया था, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया। इस निर्णय के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने आधिकारिक पत्र जारी कर आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
(संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा, तृप्ति प्रमाण)