रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण (विरार)
वसई-विरार शहर की चरमराती कानून-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और महानगरपालिका में कथित कचरा घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने बुधवार को वसई-विरार क्षेत्र का धुआंधार दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से सीधे मुलाकात कर नागरिक समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कदम उठाने की पुरजोर वकालत की।
क्राइम कंट्रोल और नागरिक सुरक्षा पर पुलिस अधिकारियों संग मंथन अपने दौरे की शुरुआत में किरीट सोमैया ने नालासोपारा विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और विरार स्थित बोळींज पुलिस स्टेशन का दौरा किया। यहाँ उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में पांव पसार रहे अपराध और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। सोमैया ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आदतन अपराधियों और भू-माफियाओं पर नकेल कसी जाए, गश्त बढ़ाई जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
कचरा घोटाले पर मनपा आयुक्त से सीधा सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग इसके पश्चात पूर्व सांसद ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) आयुक्त से मुलाकात कर शहर की खस्ताहाल नागरिक सुविधाओं और बहुचर्चित कचरा प्रसंस्करण घोटाले पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने आयुक्त से कहा कि कचरा निस्तारण के नाम पर हुए कथित करोड़ों के घोटाले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। सोमैया ने चेतावनी दी कि फर्जी बिलों और भ्रष्टाचार में शामिल ठेकेदारों तथा भ्रष्ट अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।
भाजपा नगरसेवकों को दिया फॉलोअप का मंत्र दौरे के अंतिम चरण में किरीट सोमैया ने स्थानीय भाजपा नगरसेवकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इसमें क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों और नागरिकों से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया गया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन के लिए जनता की समस्याओं का लगातार फॉलोअप करें। सोमैया ने कहा, “वसई-विरार की जनता को स्वच्छ प्रशासन और सुरक्षित माहौल दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”