नालासोपारा: उत्तराखंड में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर देशभर में सियासत गरमा गई है। इसी कड़ी में बुधवार शाम पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित ओस्तवाल नगरी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार समेत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई का आरोप वसई-विरार कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामदास वाघमारे के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग एकत्र हुए। प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कांग्रेस नेता रवि भूषण सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष और विपक्ष की आवाज को दबाने की सोची-समझी साजिश है।
लोकतंत्र में आवाज दबाने का प्रयास: कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष को विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें डराने का प्रयास करना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। प्रदर्शन के चलते ओस्तवाल नगरी परिसर में काफी देर तक राजनीतिक गहमागहमी बनी रही।
(रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण)