---Advertisement---

दहीहंडी उत्सव में 8 हजार गोविंदाओं को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर |

---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण

वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने दहीहंडी (गोपालकाला) उत्सव में भाग लेने वाले गोविंदाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और कल्याणकारी कदम उठाया है। शनिवार, 5 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले गोपालकाला उत्सव के दौरान मानव पिरामिड बनाते समय होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए मनपा ने गोविंदाओं के लिए प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा संरक्षण उपलब्ध कराया है।

मनपा की पहल: 118 गोविंदा पथकों का नि:शुल्क पंजीकरण

महानगरपालिका द्वारा संचालित ‘गोपालकाला दुर्घटना बीमा योजना’ के अंतर्गत दहीहंडी प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले गोविंदा पथकों का पूरी तरह नि:शुल्क बीमा किया गया है। मनपा के इस आह्वान को क्षेत्र में व्यापक प्रतिसाद मिला है। इस वर्ष वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के कुल 118 गोविंदा पथकों के 8,000 गोविंदाओं ने अपना पंजीकरण कराया है, जिन्हें मनपा की ओर से बीमा कवर का सीधा लाभ दिया गया है।

पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा आंकड़ा

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस साल बीमा योजना का लाभ लेने वाले गोविंदा पथकों और गोविंदाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। गोविंदाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मनपा के इस कदम की सराहना की जा रही है।

सुरक्षित व अनुशासित उत्सव मनाने की अपील

त्योहार के मद्देनजर महानगरपालिका प्रशासन ने सभी गोविंदा पथकों, कार्यक्रम आयोजकों और नागरिकों से विशेष अपील की है। मनपा ने कहा है कि दहीहंडी उत्सव को पूरे उत्साह के साथ-साथ अत्यंत सुरक्षित, अनुशासित और शासन-प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करते हुए मनाएं, तथा सुरक्षा के सभी जरूरी उपायों का कड़ाई से पालन करें।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh