तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
नई दिल्ली, 6 दिसंबर 2025 — पालघर लोकसभा क्षेत्र में तेजी से बढ़ती जनसंख्या और रोजाना रेल मार्ग पर उमड़ने वाली विशाल यात्री भीड़ के चलते विरार से डहाणू के बीच रेलवे सेवाओं पर भारी दबाव बना हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 2.5 लाख यात्री लोकल ट्रेनों का सहारा लेते हैं। मौजूदा ट्रेन संख्या और बुनियादी ढाँचा इस भार को सहन करने में असमर्थ है, जिसके कारण सामान्य नागरिकों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में आज संसद में सांसद डॉ. हेमंत सावरा ने कई महत्वपूर्ण और तत्काल आवश्यक माँगें प्रखरता से रखीं। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए त्वरित कदम उठाए जाएँ।
डॉ. सावरा ने निम्नलिखित प्रमुख सुझाव दिए:
डहाणू से चर्चगेट तक 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों को तत्काल मंजूरी दी जाए।
पश्चिम रेलवे ने पहले ही इस मार्ग पर 15-डिब्बे वाली ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। अब इसे शीघ्र मंजूरी प्राप्त करने की आवश्यकता है।
सुबह 4 बजे डहाणू से चर्चगेट के लिए लोकल सेवा शुरू की जाए।
प्रातःकालीन समय में छात्र, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, किसान, फल-फूल विक्रेता, दूध आपूर्तिकर्ता और मछुआरे जैसे वर्गों को समय पर शहर पहुँचने के लिए यह सुविधा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एसी लोकल ट्रेनों का विस्तार विरार से आगे बढ़ाकर डहाणू तक किया जाए।
लंबी यात्रा, तीव्र गर्मी और भीड़भाड़ को देखते हुए, एसी ट्रेन सेवा का विस्तार आवश्यक बन गया हॉ।
सांसद डॉ. सावरा ने कहा कि इन माँगों के क्रियान्वयन से न केवल लाखों यात्रियों को आरामदायक और समय पर यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि पालघर क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने आश्वासन दिया, “हम नागरिकों के यात्रा अधिकारों के हर मुद्दे पर संसद में अपनी आवाज बुलंद रखेंगे। उनके साथ हमारा सहयोग और संघर्ष अटूट रहेगा।”