मुंबई, 9 अप्रैल (संवाददाता): भारतीय संविधान के प्रवर्तक तथा भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के आयोजन को लेकर कोकण विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 14 अप्रैल 2026 को मनाई जाने वाली इस जयंती के अवसर पर देश भर से लाखों नागरिक मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचेंगे।
पुलिस, महानगर पालिका एवं जिला प्रशासन को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि जयंती उत्सव की पृष्ठभूमि में किए गए आयोजन की कड़ाई से अंमलबजावणी सुनिश्चित की जाए।
कोकण विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल की अध्यक्षता में मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय के नियोजन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त फरोग मुकादम, अपर जिलाधिकारी बप्पासाहेब थोरात, निवासी उप-जिलाधिकारी डॉ. शिवनंदा लंगडापुरे, भन्ते डॉ. राहुल बोधि महाथेरो, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिन समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबळे एवं दादर चैत्यभूमि स्मारक समिति के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कोकण विभाग के सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े।
आयुक्त रुबल अग्रवाल ने निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग विशेष सतर्कता बरते। महानगर पालिका स्वच्छता, पेयजल, अस्थायी शौचालय व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उचित प्रबंध सुनिश्चित करे। चैत्यभूमि परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियां कड़ाई से निभाएं।
साथ ही, कोकण विभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं की रोशनी, संविधान की प्रतियों का वितरण, जनजागरूकता कार्यक्रम, व्याख्यान एवं सामाजिक समानता का संदेश देने वाले विविध आयोजन करने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए गए।
बैठक में चैत्यभूमि पर हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा, नियंत्रण कक्ष स्थापना, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस व्यवस्था, रेलवे एवं बेस्ट परिवहन प्रबंध, पेयजल, भोजन व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बंदोबस्त एवं यातायात आयोजन जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
पुलिस के अनुसार, जयंती दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा तथा नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय किए जाएंगे। जांच एवं समीक्षा प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।