---Advertisement---

वसई के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे पालकमंत्री गणेश नाईक, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत और मुस्तैदी के कड़े निर्देश |

---Advertisement---

वसई: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण वसई-विरार के कई इलाकों में पैदा हुई गंभीर जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए महाराष्ट्र के पालकमंत्री गणेश नाईक खुद मैदान में उतरे। उन्होंने वसई के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा कर जमीनी हकीकत देखी। इस दौरान पालकमंत्री ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को बेहद करीब से सुना और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने व राहत कार्य तेज करने के कड़े निर्देश दिए।

सासूनवघर और सनसिटी परिसर का किया सघन निरीक्षण

पालकमंत्री गणेश नाईक ने अपने दौरे की शुरुआत सासूनवघर स्थित जेके टायर परिसर से की, जहां लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर स्थानीय परिस्थितियों का सूक्ष्म आकलन किया और पानी की त्वरित निकासी के लिए पंपिंग सिस्टम को मजबूत करने को कहा।

इसके बाद वे वसई के सनसिटी परिसर पहुंचे। यहां सड़कों और सोसायटियों में भरे पानी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित नागरिकों से सीधी बातचीत की और उन्हें ढाढस बंधाया।

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, समन्वय के साथ काम करने के आदेश

सनसिटी परिसर में निरीक्षण के बाद पालकमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आपदा की इस घड़ी में नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या मानसिक तनाव नहीं होना चाहिए। सभी प्रशासनिक विभाग आपसी समन्वय (Coordination) के साथ काम करें। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, उन्होंने भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाने का भी निर्देश दिया।

दौरे में मौजूद रहे कई वरिष्ठ नेता और आला अधिकारी

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे के दौरान पालकमंत्री के साथ पालघर के सांसद डॉक्टर हेमंत सवरा, वसई की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित, वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) के आयुक्त सहित आपदा प्रबंधन और लोकनिर्माण विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh