---Advertisement---

जौनपुर में घरेलू कलह से तंग आकर विवाहिता ने लगाया मौत को गले; पुलिस जांच में जुटी, मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप |

---Advertisement---

जौनपुर (रिपोर्टर: दिलीप कुमार, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण):

जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर कला गांव में सोमवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक 30 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नौ साल पहले हुई थी शादी, मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका की शिनाख्त रीना पटेल (30 वर्ष) पत्नी दिलीप पटेल के रूप में हुई है। रीना का विवाह लगभग नौ वर्ष पूर्व हुआ था। उनके दो मासूम बच्चे हैं—5 वर्षीय बेटी परी और 4 वर्षीय मासूम बेटा दिवांस (गोलू)। माँ के इस आत्मघाती कदम के बाद से दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मायके पक्ष का आरोप: पहले भी थाने तक पहुंचा था विवाद

घटना के बाद मृतका के पिता ने सुजानगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि उनकी बेटी और दामाद के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब एक माह पूर्व भी रीना ने अपनी सुरक्षा की आशंका जताते हुए सुजानगंज थाने में पुलिस से शिकायत की थी, हालांकि उस समय दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। पिता ने बताया कि सोमवार देर शाम भी घर में झगड़ा होने की जानकारी मिली थी और रात में बेटी की मौत की खबर आ गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में घटना का मुख्य कारण पारिवारिक कलह नजर आ रहा है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मायके पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानून के मुताबिक निष्पक्ष व अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh