मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना को लेकर जापान की अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी Japan International Cooperation Agency (JICA) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार, 23 फरवरी 2026 को वसई-विरार शहर महानगरपालिका मुख्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर परियोजना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महापौर अजीव पाटील, उपमहापौर मार्शल लोपीस, आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (भा.प्र.से.), पूर्व विधायक क्षितिज ठाकूर, सभागृह नेता प्रफुल साने सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे और दीपक सावंत, परिवहन प्रबंधक धैर्यशील जाधव, उप-निदेशक (नगररचना) मनीष भिष्णूरकर तथा नगररचनाकार श्वेता माने भी बैठक में शामिल हुए।
JICA की ओर से प्रमुख सेईचिरो अकीमुरा एवं उनके सहयोगी सदस्यों ने परियोजना की प्रगति, आगामी चरणों और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से जुड़ी प्रक्रियाओं पर जानकारी साझा की। इस दौरान हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के अंत में परियोजना से संबंधित प्रस्तुतीकरण ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
यह बैठक मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के क्रियान्वयन में स्थानीय निकाय और अंतरराष्ट्रीय संस्था के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
तृप्ति प्रमाण | राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
संवाददाता: साहिल यादव