दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आने के बाद हुआ था विवाद, अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला तिराहे पर 9 सितंबर को दो युवकों को गोली मारे जाने की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना में घायल विपिन यादव उर्फ मखनचू और अंश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया था।
तीन पुलिस टीमों का किया गया गठन

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करंजाकला तिराहे पर दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आ गई थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और विवाद के क्रम में गोली चल गई।
अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

पुलिस ने पूछताछ और जांच के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
ब्यूरो चीफ : दिलीप कुमार



