---Advertisement---

महाराष्ट्र को बड़ी सौगात: सीएम फडणवीस और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया 9 प्रमुख रेल व सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन; जाम से मिलेगी मुक्ति |

---Advertisement---

मुंबई/नागपुर:

महाराष्ट्र में रेल और सड़क परिवहन को नई रफ्तार देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य में 9 बेहद महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन प्रोजेक्ट्स को महाराष्ट्र रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (महारेल), रेल मंत्रालय और महाराष्ट्र शासन ने मिलकर तैयार किया है, जिसमें 4 रोड ओवर ब्रिज (ROB), 4 रेल अंडरपास (सबवे) और 1 रोड अंडरब्रिज (RUB) शामिल हैं।

इन प्रमुख रूटों को मिला ओवरब्रिज का तोहफा

यातायात को बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए अमरावती से बडनेरा, चंद्रपुर से तडाली, ताकारी से किर्लोस्करवाड़ी और इतवारी से दिघोरी के बीच नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज (ROB) को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इन ब्रिजों के चालू होने से व्यस्त रेल रूटों पर वाहनों को अब घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

अंडरपास और अंडरब्रिज से सफर होगा आसान

सुरक्षित आवागमन के लिए भिलवडी-नांद्रे, खेरवाडी-ओढा, मसूर-शिरवडे तथा एनएच-44 पर स्थित डोंगरगांव (गुमगांव-बुटीबोरी) के बीच 4 नए रेल अंडरपास (सबवे) शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही भांडेवाडी और इतवारी रेलवे स्टेशनों के बीच एक बड़े रोड अंडरब्रिज (RUB) का निर्माण भी पूरा कर देश को समर्पित किया गया है।

समय की बचत और बेहतर सड़क सुरक्षा

लोकार्पण के दौरान मंत्रियों ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर आने से रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और ईंधन व समय दोनों की भारी बचत होगी। इस कार्यक्रम में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी-वखरे सहित कई स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और महारेल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh