विरार, 24 जून (तृप्ति प्रमाण): माणिकपुर पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने महिलाओं के गहने चोरी करने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक शातिर महिला चोर और उसके पति को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुंबई, ठाणे और पालघर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
8 लाख के गहनों की चोरी थी मामला
यह कार्रवाई 7 जून को गोखीवरे नाका से वसई स्टेशन की ओर जा रही एक महिला के साथ हुई चोरी की घटना के बाद की गई। पीड़िता के बैग से करीब 80 ग्राम वजनी सोने की चेन और 4 सोने की चूड़ियां चोरी कर ली गई थीं। पीड़िता की शिकायत पर माणिकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और CCTV से खुला राज
पुलिस उपायुक्त परिमंडल-2 और सहायक पुलिस आयुक्त वसई के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी महिला मंजूदेवी सोनू सिंह उर्फ ‘बावरी’ (32, निवासी हरियाणा) को वसई क्षेत्र से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसके पति सोनू हुकुम सिंह की संलिप्तता भी सामने आई, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
भीड़ का फायदा उठाकर करते थे वारदात
पुलिस जांच में पता चला कि यह दंपत्ति पेशेवर चोर गिरोह का हिस्सा है। यह महिला मुख्य रूप से लोकल ट्रेनों, ऑटो रिक्शा और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाती थी। भीड़ का फायदा उठाकर पलक झपकते ही गहने गायब कर देना इनका मुख्य हथकंडा था।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपी महिला से चोरी की गई 80 ग्राम सोने की चेन और 4 चूड़ियां बरामद की हैं, जबकि उसके पति के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान जब्त किया गया है। कुल बरामदगी का मूल्य करीब 8 लाख रुपये आंका गया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला के खिलाफ माणिकपुर, विरार, कापुरबावड़ी (ठाणे), विष्णुनगर (मुंबई) और महात्मा फुले चौक (कल्याण) पुलिस थानों में चोरी के कई मामले पहले से ही दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह सफलता पुलिस उपआयुक्त अशोक विरकर, सहायक पुलिस आयुक्त नवनाथ धोगरे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हरिलाल जाधव के मार्गदर्शन में माणिकपुर एवं वसई अपराध प्रकटीकरण शाखा की टीम को मिली है।