---Advertisement---

भाईंदर पूर्व में मनपा का बुलडोजर: बिना अनुमति बनी नूरी मस्जिद और मंदिर ढहाया, भारी पुलिस बल की रही तैनाती |

---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण | भाईंदर प्रतिनिधि

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (MBMC) ने सोमवार तड़के भाईंदर पूर्व में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गोल्डेन नेस्ट सर्कल परिसर में मनपा ने एक अवैध नूरी मस्जिद और उसी परिसर में निर्मित एक अवैध मंदिर को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सुबह करीब पांच बजे शुरू की गई और प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई।

बिना अनुमति बनाए गए थे दोनों निर्माण

मनपा अधिकारियों के अनुसार, नूरी मस्जिद और मंदिर दोनों ही बिना किसी वैध दस्तावेज और आवश्यक अनुमति के बनाए गए थे। इन अवैध निर्माणों के खिलाफ लंबे समय से प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही थी। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही यह कार्रवाई की गई।

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न हो, इसके लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मनपा के अधिकारी मौजूद रहे। गोल्डेन नेस्ट सर्कल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीनों की मदद से दोनों निर्माणों को शांतिपूर्ण तरीके से ध्वस्त किया गया और किसी भी तरह के विरोध या तनाव की सूचना नहीं है।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी निर्माण पर समान रूप से कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमतियां जरूर लें। फिलहाल, क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

👁️ 2 Views

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh