---Advertisement---

भोजपुर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, नन्हे राधा-कृष्ण की भव्य झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन |

---Advertisement---

मुरादाबाद

नगर पंचायत भोजपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत धार्मिक आस्था, उल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर नगर के मुख्य मार्गों से भगवान श्रीकृष्ण की नयनाभिराम और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकी में राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण किए छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से सभी श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया।

भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान हुआ भोजपुर नगर

जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित इस शोभायात्रा को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं और नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक दृश्यों का प्रदर्शन किया गया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। पूरे मार्ग में “जय श्री कृष्ण” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा समाज के प्रमुख लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, वरिष्ठ नेता भजन लाल पाल, अर्पित पाल, इंदर सैनी, नामित सभासद लेखराज सैनी, पंकज सैनी, यशपाल सैनी, बृजेश अरोरा, दलजीत सिंह सोनू अरोरा, नीरज कालरा और राजू कालरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई दी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

बाल कलाकारों की प्रस्तुतियां बनीं विशेष आकर्षण

समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों का राधा और कृष्ण के स्वरूप में सजना लोगों के लिए विशेष कौतूहल और आनंद का विषय रहा। नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय और वेशभूषा से पूरी धर्मनगरी को कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

रिपोर्ट: अंकित पाल

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh