मुंबई

मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर ट्रेलर हादसा, अग्निशमन दल ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बचाया |

नालासोपारा, 24 नवंबर 2025 — सोमवार की तड़के मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर पेल्हार पुलिस स्टेशन के सामने एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें ड्राइवर केबिन में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही वसई फाटा की अग्निशमन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

लगभग दो घंटे तक चले इस अभियान में फायर ब्रिगेड ने हाइड्रोलिक कटर और अन्य विशेष उपकरणों की सहायता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान 43 वर्षीय मोहम्मद अन्वर के रूप में हुई, जिन्हें बाएं पैर में फ्रैक्चर का आघात लगा हुआ था।

प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद पूरा स्थल स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। फायर टीम सुबह 4:35 बजे अपने केंद्र पर लौट गई।

रेस्क्यू दल में वरिष्ठ अग्निशमन कर्मचारी दीपक भोईर, अग्निशमन विशेषज्ञ प्रसाद विशे, निकेत पाटील और जयेश भोईर शामिल थे।

Vikas Kumar

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.