नायगांव ईस्ट क्षेत्र के भाऊ साहेब नगर स्थित जय अम्बे वेलफेयर सोसाइटी, काजू प्लॉट, वाकी पाड़ा में उस समय हलचल मच गई जब एक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की गंध फैलते ही आसपास के रहवासियों में चिंता का माहौल बन गया और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सिलेंडर से गैस निकलने की तेज बदबू महसूस होते ही सभी ने तुरंत सावधानी बरतनी शुरू कर दी। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए रिसाव वाले हिस्से पर गोनी (बोरी) रखकर गैस के बहाव को कम करने का प्रयास किया। उनकी सजगता और समझदारी के चलते स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया। घटना के समय सुरक्षा की दृष्टि से कई परिवार खुले स्थान पर एकत्र हो गए थे। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। इलाके के निवासियों का कहना है कि यदि समय पर कदम नहीं उठाया जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित जांच और सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी|
संवाददाता: साहिल यादव |