तृप्ति प्रमाण ब्यूरो, नालासोपारा:
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए नालासोपारा में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच और रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। भाजपा तुलिंज मंडल द्वारा ओस्तवाल सर्कल स्थित न्यू लोटस अपार्टमेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुँचकर मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की मुफ्त जाँच और बांटी दवाइयाँ
सरस्वती हॉस्पिटल तथा साथिया ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन और नगरसेवक जे.पी. सिंह के संयोजन में पूरा हुआ। शिविर में आए लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, दंत परीक्षण और नेत्र जाँच अनुभवी डॉक्टरों की निगरानी में हुई। मरीजों को परामर्श के साथ-साथ मुफ्त दवाएँ भी दी गईं।
87 यूनिट रक्तदान से बना सेवा का रिकॉर्ड
शिविर में सामाजिक उत्साह का माहौल तब दिखा जब स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान कुल 87 यूनिट ब्लड जमा हुआ। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और यह पहल गंभीर बीमारियों व हादसों के शिकार मरीजों की जान बचाने में मददगार साबित होगी।
कई प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस मौके पर विरोधी पक्ष के नेता व नगरसेवक मनोज पाटिल, नीलेश चौधरी, नगरसेविका प्रज्ञा पाटिल, बंटी सुनील तिवारी, एकता सिंह, हरिकेश तिवारी, कमलेश तिवारी, प्रभाकर खटवाकर, कमलेश खटवाकर, विश्वास सावंत, अशोक यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।