वसाई, 26 दिसंबर, 2025 | तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
वसाई संवाददाता – राजेश कोरी
नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े लगभग 300 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बहुजन विकास आघाडी (BVA) में प्रवेश किया। यह आयोजन नालासोपारा पूर्व स्थित प्रगति नगर के पुजारी बैंकट हॉल में दोपहर 4 बजे आयोजित किया गया, जहाँ सैकड़ों समर्थकों की उपस्थिति में एक सामूहिक सदस्यता ग्रहण समारोह हुआ।
कार्यक्रम में नालासोपारा पूर्व के नागीन दास पाड़ा, विजयनगर, ओसवाल नगरी एवं प्रगति नगर क्षेत्रों से आए स्थानीय निवासियों ने BVA के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दल जमीनी स्तर पर आम जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है और विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा, सामाजिक कार्यक्रमों एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता में सक्रिय रहता है।
इस अवसर पर BVA के वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। इनमें पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर, वसई-विरार महानगरपालिका की पूर्व प्रथम महिला महापौर प्रवीणा ताई ठाकुर, पूर्व परिवहन सभापति अमित वैध्य, पूर्व नगरसेवक भुट्टो समनानी, भास्कर पुजारी, अनिल यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।
अपने संबोधन में नेताओं ने कहा कि BVA का प्राथमिक ध्यान जनहित के मुद्दों जैसे पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय पर रहा है। इस मौके पर पूर्व सभापति भारत मकवाना, समाज सेवक अमित बैद्य, अमजद अली, सामान्य भुट्टो, पंडित महेंद्र शर्मा, सत्य प्रकाश सिंह, भास्कर पुजारी, विक्रम रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।