नालासोपारा, मुंबई: रामनवमी के मौके पर गुरुवार शाम नालासोपारा में निकाली गई धार्मिक शोभायात्रा के दौरान रहमत नगर क्षेत्र में अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जुलूस के मार्ग को लेकर पुलिस द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद वहां मौजूद लोगों ने विरोध दर्ज कराया, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नालासोपारा पूर्व के ओसवाल नगरी सर्कल से शोभायात्रा की शुरुआत हुई थी। जैसे ही यह जुलूस रहमत नगर की ओर बढ़ा, पुलिस ने एक खास रास्ते से आगे बढ़ने पर आपत्ति जताते हुए मार्ग को बंद कर दिया। इसके चलते आयोजकों को जुलूस को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा।
मार्ग को लेकर आयोजकों और पुलिस के बीच बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तीखे विवाद में बदल गई। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने नारेबाजी भी की, जिससे माहौल और अधिक गरमाने लगा। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह स्थिति लगभग 4 से 5 घंटे तक बनी रही। मौके पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे, डीसीपी पूर्णिमा चौगुले, डीसीपी सुहास बावचे, एसीपी उमेश माने पाटील और एसीपी बजरंग देसाई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।
पुलिस की तत्परता और समझदारी भरे कदमों के चलते किसी भी बड़ी घटना को होने से रोका जा सका। अंत में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई और शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। हालांकि इस दौरान आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए भय और तनाव का माहौल देखने को मिला।