📍 पालघर, 31 जुलाई 2025:
तलासरी पुलिस ने गुटखा तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने ₹16 लाख से अधिक की कीमत की एक कार और ₹4 लाख से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया था, जिसके बाद जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले का खुलासा 7 जुलाई 2025 को हुआ, जब सुबह करीब 3:20 बजे तलासरी पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिवालपाड़ा स्थित ताशकंद होटल के सामने एक संदिग्ध क्रेटा कार (MH-02-EU-6632) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें ₹4,05,964 मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। वाहन की बाजार कीमत लगभग ₹16,05,964 आंकी गई है।
इस घटना के संबंध में तलासरी पुलिस स्टेशन में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26(2)(ए), 27(2)(ई), 30(2) तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही महाराष्ट्र राज्य खाद्य सुरक्षा अधिसूचना, 12 जुलाई 2024 के तहत भी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही नमन रहमान शेख (निवासी: मनोर, पालघर) को 10 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, दूसरा आरोपी नाज़िम रफीक सिद्दीकी (34 वर्ष, निवासी: अंबेडकर नगर, मनोर) लंबे समय तक फरार रहा।
पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर नाज़िम सिद्दीकी का सुराग लगाया और 30 जुलाई 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे डहाणू के प्रथम श्रेणी न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि नाज़िम सिद्दीकी पर पहले से ही तलासरी और मनोर पुलिस स्टेशन में गुटखा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं, जो उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को उजागर करते हैं।
इस सफल कार्रवाई का श्रेय पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले, तथा उपविभागीय अधिकारी अंकिता कांसे के नेतृत्व में तलासरी पुलिस स्टेशन की टीम को दिया जा रहा है। इसमें निरीक्षक अजय गोर्ड, पूपनिरी जी.एस. कांबले, पूपनिरी विकास दरगुड़े, पोहवा संदीप नांगरे और पोशी योगेश मुंधे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔔 पुलिस का संदेश:
इस कार्रवाई से स्पष्ट होता है कि प्रतिबंधित गुटखा जैसे नशामुक्ति के लिए हानिकारक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। तकनीकी निगरानी और सूचना आधारित ऑपरेशन के जरिए अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस की दक्षता और समर्पन झलकता है।
“हम प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी,” — पुलिस सूत्रों का बयान।